हैल्दी लिवर कैंपेन के अंतर्गत जागरूकता विडियो संदेश प्रतियोगिता में झुंझुनूं प्रथम, सीएमएचओ डॉ छोटेलाल गुर्जर भी सम्मानित
झुंझुनूं। । जिले को हरियाली से सुशोभित बनाने का बीड़ा उठाए नवलगढ़ प्रधान दिनेश सुंडा के किए गए प्रयासों से पेयजल को लेकर नवलगढ़ ब्लॉक को प्रदेश स्तर पर प्रथम पुरस्कार मिला है। चिकित्सा एवं स्वास्थ्य विभाग की ओर से गुरुवार को आयोजित विश्व हैपेटाइटिस दिवस के प्रदेश स्तरीय समारोह में नवलगढ़ प्रधान एवं प्रधान संघ के प्रदेशाध्यक्ष दिनेश सुंडा, झुंझुनूं सीएमएचओ डॉ. छोटेलाल गुर्जर और विकास अधिकारी नवलगढ को 257 पेयजल स्त्रोतों का क्लोरिनेशन करने पर पुरस्कार से नवाजा गया। यह सम्मान उन्हें प्रदेश के चिकित्सा एवं स्वास्थ्य मंत्री परसादी लाल मीणा और जन स्वास्थ्य अभियांत्रिकी मंत्री महेश जोशी ने दिया। हैल्दी लिवर कैम्पेन के अन्तर्गत झुंझुनूं जिले की नवलगढ़ पंचायत समिति में ग्रामीण विकास एवं पंचायतीराज विभाग के द्वारा संचालित सर्वाधिक पेयजल स्रोतों का शुद्धिकरण किया गया। हैल्दी लिवर कैम्पेन के अन्तर्गत किए इस उत्कृष्ट कार्य के लिए पंचायत समिति नवलगढ़ प्रधान दिनेश सुंडा और जागरूकता विडियो संदेश प्रतियोगिता में झुंझुनूं जिला प्रथम स्थान प्राप्त करने पर सीएमएचओ डॉ. छोटेलाल गुर्जर को प्रशस्ति-पत्र प्रदान किया गया। गौरतलब है कि पिछले दिनों नवलगढ पंचायत समिति को तंबाकू मुक्त करने के लिए भी सम्मानित किया गया था। मुख्यमंत्री के सलाहकार डॉ. राजकुमार शर्मा और प्रधान दिनेश सुंडा ने हाल ही में पर्यावरण बाल वीर की पहल शुरु की है, जिसके तहत हर स्कूली बच्चे को पौधा देकर उनसे सार-संभाल का संकल्प लिया जाएगा।
