जाखल -शिविर के दौरान अपने उद्बोधन में पूर्व चिकित्सा राज्य मंत्री एवं विधायक डॉ. राजकुमार शर्मा ने कहा कि अगले सत्र से जाखल स्कूल में विज्ञान संकाय शुरु करवाया जाएगा। सरकार और भामाशाह साथ काम करते हैं तो विकास की गति बढ़ती है। जाखल में लाइट्स लगाने के लिए 3 लाख रुपए विधायक कोष से दिए जाएंगे। जाखल के पशु अस्पताल को अब ‘ए’ श्रेणी में क्रमोन्नत किया जाएगा। पेयजल सुविधाओं का विस्तार किया जाएगा। बिजली, पानी, चिकित्सा, शिक्षा संबंधित विकास कार्यों में कोई कसर नहीं छोड़ी जाएगी। मुख्य सचिव निरंजन आर्य ने कहा कि इन शिविरों के माध्यम से राज्य सरकार जनहितकारी नीतियों का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाना चाहती है। आज हर आला अधिकारी चाहता है कि इन बहुउद्देशीय शिविरों के माध्यम से पात्र व्यक्तियों को उनका हक मिले। पट्टा वितरण अभियान सरकार का विशेष प्रोजेक्ट है। मुख्य सचिव निरंजन आर्य ने सरकारी विभागों के कार्मिकों से मुखातिब होकर कहा कि जिस गांव में शिविर लग रहे हैं, वहां के अंतिम व्यक्ति तक राहत पहुंचाएं। कार्यक्रम की अध्यक्षता प्रधान दिनेश सुंडा ने की। वहीं सरपंच मनोज मूंड ने सभी आगंतुकों का स्वागत किया। इस दौरान विधायक डॉ. राजकुमार, मुख्य सचिव निरंजन आर्य व राजस्व सचिव आनंद कुमार ने डेढ़ दर्जन से अधिक भूखंड पट्टों व ब्याजमुक्त ऋण का वितरण किया। इस दौरान जिला कलक्टर उमरदीन खान, एसडीएम सुमन सोनल, डीएसपी सतपालसिंह शेखावत, जिला परिषद सदस्य धनपतसिंह, तहसीलदार महेंद्रसिंह मूंड, बीडीओ अनिल सोनी, एक्सईएन हरिराम कालेर, पीडब्लूडी एईएन महेंद्र सैनी, जलदाय एईएन राकेश ओला, बीसीएमओ डॉ. गोपीचंद जाखड़ आदि मौजूद थे। विधायक डॉ. शर्मा, मुख्य सचिव आर्य व राजस्व सचिव आनंद ने सभी विभागों की एक-एक कर समीक्षा की। विधायक डॉ. शर्मा ने पेयजल सुविधाओं की जानकारी दी तो मुख्य सचिव निरंजन आर्य ने जन स्वास्थ्य अभियांत्रिकी विभाग के मुख्य अभियंता को फोन करके नवलगढ़ क्षेत्र के प्रस्तावित कार्यों की जल्द स्वीकृति के निर्देश दिए। शिविर के दौरान मंच संचालन प्रधानाचार्य सुरेंद्र पारीक ने किया।
