खबर - विकास कनवा विधायक डॉ. राजकुमार शर्मा की मौजूदगी में हुआ कार्यकर्त्ताओं का महासम्मेलन
लोहार्गल(नवलगढ़):- शेखावाटी के हरिद्वार नाम से प्रख्यात तीर्थराज लोहार्गल में स्थित चेतनदास बावड़ी के प्रांगण में पूर्व चिकित्सा मंत्री व वर्तमान विधायक डॉ. राजकुमार शर्मा के समर्थकों का विशाल सम्मेलन संपन्न हुआ। सम्मेलन में कार्यकर्त्ताओं ने आगामी 21 अक्टूबर को नवलगढ़ के रामदेवरा से गोल्याणा तक विशाल महारैली आयोजित करने का निर्णय लिया। महारैली 21अक्टूबर रविवार को सुबह 11बजे रामसापीर के मंदिर से रवाना होगी। कार्यकर्त्ताओं के सम्मेलन को संबोधित करते हुए विधायक डॉ. शर्मा ने अब तक हुए विकास कार्यों, वर्तमान राजनीतिक हालात, टिकट वितरण के कयासों व कार्यकर्त्ताओं के मुद्दों पर खुलकर बात की।
साथ ही राजनीतिक विरोधियों और प्रदेश व केंद्र की भाजपा सरकार पर भी जमकर हमला बोला। विधायक डॉ. राजकुमार शर्मा ने कहा कि, - पिछले साढ़े 9साल में पूरे नवलगढ़ उपखण्ड क्षेत्र को बेहतर बनाने का प्रयास किया है। पिछली कांग्रेस सरकार में शामिल होकर क्षेत्र में विकास कार्यों की जमकर भरमार रही। सैटेलाइट अस्पताल, साइंस पार्क, सरकारी काॅलेज, अंबेडकर छात्रावास, दर्जनों पीएचसी-सीएचसी, सैकड़ों उप स्वास्थ्य केंद्र, लगभग हर सरकारी उच्च माध्यमिक विद्यालय में साइंस, काॅमर्स व आर्ट्स संकाय, गली-गली में सीसी व डामर की सड़कों का जाल समेत हजारों ऐतिहासिक काम हुए। इसके साथ ही क्षेत्र की 300कार्मिक बहन-बेटियों को दूरस्थ सीमावर्ती क्षेत्र से घर के पास लाने का काम किया।
- आज नवलगढ़ क्षेत्र के आपसी सौहार्द्र की पूरे प्रदेश में मिसाल दी जाती है। लेकिन कुछ लोग इसे पचा नहीं पा रहे हैं, वे हम लोगों को बांटकर दूरी पैदा करने की नाकामयाब कोशिश कर रहे हैं। नवलगढ़ क्षेत्र का मतदाता काफी जागरूक और समझदार है। यहां किसी आंधी और लहर का कोई असर कभी नहीं होता। यहां की जनता हमेशा उपयुक्त उम्मीदवार को चुनती है। इसी वजह से पिछले विधानसभा चुनाव में टिकट कटने के बावजूद यहां 36कौम की जनता ने आपके डॉ. राजकुमार शर्मा को रिकाॅर्ड साढ़े 33हजार मतों से आशीर्वाद देकर प्रदेश की सर्वोच्च पंचायत में भेजा। वर्तमान में भी यहां की राजनीतिक तस्वीर पूरी तरह साफ नजर आ रही है। जनता ने एक बार फिर काम और सम्मान देने वाले को वोट देने का दृढ़ निश्चय कर लिया है।
- टिकट वितरण को लेकर विधायक डॉ. शर्मा ने कहा कि आलाकमान का कहना है कि चुनाव में पार्टी की टिकट जनता के मनपसंद नेता को ही दी जाएगी। कांग्रेस पार्टी ने पार्टी स्तर पर सर्वे करवाया है, जिसमें क्षेत्र की जनता ने उनके ऊपर विश्वास जताया है। इस बार पार्टी अगर टिकट वितरण बिना किसी के प्रभाव में आए करेगी, तभी राजस्थान का रण कांग्रेस पार्टी के पक्ष में होगा। विधायक डॉ. शर्मा ने टिकट को लेकर कार्यकर्त्ताओं को आश्वस्त किया।
- कार्यकर्त्ताओं से बातचीत करते हुए पूर्व मंत्री व विधायक डॉ. शर्मा ने कहा कि किसी भी कार्यकर्त्ता को विश्वास कम करने की जरूरत नहीं है। पिछले चुनावों की तरह इस बार भी कार्यकर्त्ता ही चुनाव की मुख्य कड़ी रहेंगे। प्रत्येक कार्यकर्त्ता को विशेष जिम्मेदारी दी जाएगी। कार्यकर्त्ता ही डॉ. राजकुमार शर्मा टीम की रीढ़ हैं। कार्यकर्त्ताओं के साथ मिलकर ढिगाल से लेकर चिराना और राणासर से लेकर ढिगाल तक जोरदार जीत दर्ज की जाएगी।
- विधायक डॉ. शर्मा ने कहा कि जो लोग नवलगढ़ क्षेत्र के अमन-चैन से खुश नहीं हैं, उन्हें क्षेत्र की जनता सबक सिखाने को तैयार है। कुछ लोग जनता को जातिवाद, पैसों का लालच देकर और भ्रमित करके बांटने का प्रयास कर रहे हैं। ऐसे लोगों को बिल्कुल बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। जिन लोगों को आम आदमी से बात करने की तहजीब नहीं है, वे जनता के नेता बनने की बात कर रहे हैं। ऐसे लोगों को क्षेत्र की जनता पहचान चुकी है। आने वाले विधानसभा चुनावों में जनता इन लोगों का करारा जवाब देगी।
- केंद्र व प्रदेश की भाजपा सरकार के कुशासन से जनता त्रस्त हो चुकी है। नोटबंदी, जीएसटी और भामाशाह योजनाओं की वजह से आम आदमी को हर जगह लाइनों में लगना पड़ रहा है। बेरोजगारी और गुंडाराज के अलावा इस सरकार की कोई अन्य उपलब्धि नहीं है।
सम्मेलन को नवलगढ़ चेयरमैन सुरेंद्र सैनी, मुकुंदगढ़ चेयरमैन सत्यनारायण सैनी, समाजसेवी कैलाश चोटिया, नवलगढ़ ब्लाॅक कांग्रेस अध्यक्ष राजेंद्र राठी मेघवाल, मुकुदगढ़ ब्लाॅक कांग्रेस अध्यक्ष व जिला परिषद सदस्य दिनेश सुण्डा, कांग्रेस सेवादल की अनोखा सैनी, कांग्रेस जिला उपाध्यक्ष राकेश सिहाग सहित दर्जनों नेताओं ने संबोधित किया। इस मौके पर पंचायत समिति सदस्य, जिला परिषद सदस्य, सरपंच, पार्षद, उपसरपंच, पूर्व सरपंच व पूर्व पार्षदों समेत हजारों कार्यकर्त्ता मौजूद थे।


