लखनऊ- सपा में 'वार' और 'पलटवार' का दौर लगातार जारी है। मुलायम सिंह यादव ने रामगोपाल यादव द्वारा रविवार को बुलाए गए पार्टी के राष्ट्रीय अधिवेशन को अवैध घोषित कर दिया। जबकि मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने बड़ा कदम उठाते हुए नरेश उत्तम को यूपी का सपा अध्यक्ष घोषित किया। रामगोपाल यादव के राष्ट्रीय अधिवेशन को अवैध करार देते हुए मुलायम सिंह यादव ने पांच जनवरी को राष्ट्रीय अधिवेशन बुलाया है। साथ ही उन्होंने किरनमय नंदा और नरेश अग्रवाल को सपा से निष्कासित कर दिया। वहीं, उत्तर प्रदेश सपा मुख्यालय में अखिलेश समर्थकों ने भारी हंगामा किया। अखिलेश के समर्थकों ने पार्टी कार्यालय से शिवपाल यादव का नेमप्लेट हटा दिया। सपा के राष्ट्रीय महासचिव रामगोपाल यादव की ओर से बुलाये गये आपातकालीन राष्ट्रीय अधिवेशन में स्वयं रामगोपाल ने कई महत्वपूर्ण प्रस्ताव रखे, जिन्हें सर्वसम्मति से पारित किया गया। रामगोपाल ने अखिलेश को सपा का राष्ट्रीय अध्यक्ष बनाने का प्रस्ताव रखा, जिसे अधिवेशन ने मंजूर किया।अधिवेशन ने मुलायम सिंह यादव को सपा का संरक्षक बनाने के प्रस्ताव पर मुहर लगायी तो राज्यसभा सांसद अमर सिंह को बाहर का रास्ता दिखा दिया।
