Hindi News Xyz

6/recent/ticker-posts

Header Ads Widget

प्रदेश के हक की प्रभावी पैरवी करेगा अन्तर्राज्यीय जल संबंधी समीक्षा सेल - वसुन्धरा राजे

जयपुर। मुख्यमंत्री  वसुन्धरा राजे ने कहा कि अन्तर्राज्यीय जल वितरण सम्बन्धी समस्याओं के समाधान के लिए राज्य सरकार ने समीक्षा सेल का गठन किया है। यह प्रकोष्ठ अन्तर्राज्यीय जल वितरण से संबंधित मामलों में प्रदेश के हितों की प्रभावी पैरवी करेगा और राजस्थान को उसका वाजिब हक दिलाने में अहम भूमिका निभाएगा। श्रीमती राजे शुक्रवार को मुख्यमंत्री निवास पर अन्तर्राज्यीय जल वितरण सम्बन्धी समस्याओं के समाधान के लिए गठित समीक्षा सेल के अध्यक्ष डॉ. रोहिताश्व शर्मा की नियुक्ति पर आभार व्यक्त करने के लिए बड़ी संख्या में आए लोगों को सम्बोधित कर रही थीं। उन्होंने कहा कि राजस्थान में पानी की जटिल समस्या है, ऎसे में इस प्रकोष्ठ की भूमिका बढ़ जाती है। उन्होंने कहा कि हर गांव-हर ढाणी तक स्वच्छ पेयजल पहुंचाना राज्य सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है। इसलिए प्रकोष्ठ अपने कार्य को प्रभावी रूप से अंजाम दे। समीक्षा सेल के अध्यक्ष डॉ. रोहिताश्व शर्मा ने कहा कि मुख्यमंत्री की मंशा के अनुरूप प्रकोष्ठ तत्परता के साथ कार्य करेगा और प्रदेश की जल संबंधी समस्याओं के समाधान के लिए हर संभव प्रयास करेगा। इससे पहले अलवर जिले के विभिन्न स्थानों से आए लोगों ने श्रीमती राजे को मुकुट पहनाकर, शॉल ओढ़ाकर और माल्यार्पण कर भव्य स्वागत किया। इस अवसर पर देवस्थान प्रन्यास मण्डल के अध्यक्ष  एसडी शर्मा, राज्य महिला आयोग की अध्यक्ष सुमन शर्मा, युवा बोर्ड के उपाध्यक्ष  संदीप यादव, प्रधान नीलम पुरोहित सहित अन्य जनप्रतिनिधि और विभिन्न संस्थाओं के पदाधिकारी एवं आमजन उपस्थित थे।