नई दिल्ली : बड़े नोटों को अमान्य करने के मोदी सरकार के निर्णय के कारण आम लोगों को हो रही परेशानियों के विरोध में संसद में गुरुवार को भी हंगामे के असार हैं। नोटबंदी को लेकर विपक्ष के तेवर अभी भी कड़े हैं। वहीं, नोटबंदी के मुद्दे पर संसद में जारी गतिरोध के बीच पीएम मोदी आज राज्यसभा में मौजूद रहेंगे। बता दें कि विपक्ष लगातार चर्चा के दौरान पीएम की मौजूदगी की मांग कर रहा है। राज्यसभा में नोटबंदी पर चर्चा पर आज वित्त मंत्री अरुण जेटली जवाब दे सकते हैं। ऐसी संभावना है कि इस चर्चा पीएम भी हस्तक्षेप कर सकते है। दूसरी ओर, संसद की कार्यवाही से पहले आज विपक्ष ने बैठक की और आगे की रणनीति तय की। वहीं, सरकार संसद में जारी गतिरोध को तोड़ने की कोशिश में है। जबकि विपक्ष आज राजनाथ सिंह की ओर से बुलाई गई बैठक में नहीं जाएगा।
